Explore

Search

August 14, 2026 4:11 am

RECENT POSTS

आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र दबगांव को मिला NQAS प्रमाण पत्र, 96.15% स्कोर के साथ जिले में बनाया नया रिकॉर्ड

Picture of Ramkumar Thuriya

Ramkumar Thuriya

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के वनांचल क्षेत्र गोमर्डा अभ्यारण्य अंतर्गत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र दबगांव ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। स्वास्थ्य केंद्र ने 96.15 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिले में अब तक का सर्वाधिक स्कोर हासिल किया है।
यह उपलब्धि ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नामित राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ता श्री सोमनाथ चट्टोपाध्याय एवं श्री येरुवा पेपेरेड्डी ने 13 जून 2026 को स्वास्थ्य केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया था।
मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं, रोगी सुविधा, रिकॉर्ड संधारण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट (BMW) प्रबंधन, फायर सेफ्टी, जननी सुरक्षा योजना, पेयजल व्यवस्था, प्रयोगशाला जांच, टीबी, कुष्ठ, मलेरिया, फाइलेरिया, एनसीडी, नेत्र, दंत एवं ईएनटी सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन और गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया गया।
इस सफलता के पीछे कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के नेतृत्व तथा बीएमओ डॉ. आर.एल. सिदार के सतत मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पिछले कई महीनों से स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को NQAS मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर व्यवस्थित तैयारी कराई गई थी।
जिला नोडल अधिकारी श्री कृष्ण पुरी गोस्वामी, ब्लॉक नोडल अधिकारी श्री अरुण कुमार नायक, श्री सी.के. पटेल तथा बीपीएम श्री नंदलाल ईजारदार की निगरानी में स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन किया गया। वहीं डीपीएम श्री दीपक धारा, डैम श्री मनोज साहू, डीटीसी श्रीमती ममता बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम ने इस प्रक्रिया में सक्रिय योगदान दिया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर दबगांव की सीएचओ श्रीमती तारिणी साहू, आरएचओ श्रीमती लता वैष्णव, श्री रोशन प्रसाद सिदार सहित समस्त स्वास्थ्य कर्मियों, सेक्टर सुपरवाइजर, जेएसए, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पीएचसी कनकबीरा के समस्त स्टाफ की मेहनत इस उपलब्धि का आधार बनी।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत दबगांव के सरपंच श्रीमती शांति बाई बरिहा, उपसरपंच श्री रुपधर नायक, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, भूमि दानदाता श्री घासीराम बरिहा तथा समस्त ग्रामवासियों के सहयोग ने इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
96.15 प्रतिशत स्कोर के साथ प्राप्त यह NQAS प्रमाण पत्र न केवल दबगांव स्वास्थ्य केंद्र बल्कि पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय है। स्वास्थ्य विभाग ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समस्त स्वास्थ्य टीम, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।

Letest posts