Explore

Search

July 24, 2026 7:35 pm

RECENT POSTS

सालर सेक्टर के कनकबीरा में सास-बहू सम्मेलन संपन्न

Picture of Ramkumar Thuriya

Ramkumar Thuriya

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सारंगढ़ परियोजना अंतर्गत सेक्टर सालर के ग्राम कनकबीरा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य परिवार में आपसी समन्वय, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनकबीरा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण नायक, भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामकुमार थूरिया तथा श्रीमती पी. देवांगन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती कमला सिदार ने की।
पर्यवेक्षक श्रीमती कमला सिदार ने सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सास और बहू के बीच विश्वास, सम्मान एवं संवाद ही परिवार की मजबूती का आधार है। मुख्य अतिथि डॉ. अरुण नायक ने परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा महिलाओं से जुड़े स्वास्थ्य विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता का संदेश दिया।
अपने संबोधन में रामकुमार थूरिया ने कहा कि सास-बहू परिवार की मजबूत इकाई हैं, जिनसे संस्कारों का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि सास-बहू का रिश्ता केवल पारिवारिक दायित्व तक सीमित न रहकर मां-बेटी जैसा स्नेह, विश्वास, सम्मान और सहयोग का रिश्ता बनना चाहिए। जब परिवार के सभी सदस्य आपसी सामंजस्य और प्रेम के साथ रहते हैं, तभी घर में सुख, शांति और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में एएनएम श्रीमती प्रमिला देवांगन ने महिलाओं को एनीमिया के कारण, रोकथाम तथा पोषणयुक्त भोजन एवं आयोडीन युक्त नमक के नियमित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया।
सम्मेलन के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पारिवारिक रिश्तों, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक श्रीमती कमला सिदार, वरिष्ठ कार्यकर्ता शकुन बाई सिदार, मथुरा पटेल, मीरा पटेल, श्रीमती सुखबाई बंजारे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में सास-बहुएं एवं ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

Letest posts