सारंगढ़।कनकबीरा चौकी पुलिस ने अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 20 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सरायपाली में एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम सरायपाली स्थित मेन रोड नेशनल हाईवे-153 के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी साहेब लाल उर्फ ननकी निषाद, पिता स्वर्गीय सुखीराम निषाद, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम सरायपाली, चौकी कनकबीरा थाना सारंगढ़ को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से दो कपड़े के झोले में रखी 5 लीटर क्षमता की पॉलिथीन में भरी 5 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा तीन प्लास्टिक जरीकेन में भरी 15 लीटर कच्ची महुआ शराब, कुल लगभग 20 लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4000 बताई गई है।
पुलिस ने अवैध शराब को जप्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 241/26 के तहत धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी एएसआई टीकाराम खटकर, प्रधान आरक्षक हीराधर नाग, आरक्षक जगजीवन खुटे, कुंज बिहारी निराला एवं चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
