सारंगढ़-बिलाईगढ़, जिले में डीएमएफ (District Mineral Foundation) फंड को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। “सारंगढ़ टाइम्स बरमकेला” व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल एक पोस्ट ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सोशल मीडिया में सामने आए इस पोस्ट में फंड के उपयोग में पारदर्शिता की कमी को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति भवानी नायक ने खुले तौर पर डीएमएफ फंड के उपयोग पर सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि जिले में 20% से 30% तक “खेल” चलने की चर्चा है और फंड के उपयोग में पारदर्शिता व जवाबदेही नजर नहीं आ रही। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह मामला उच्च स्तर तक पहुंचा हुआ हो सकता है।
सोशल मीडिया में वायरल इस बयान के बाद अब यह मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। आम जनता के बीच भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर डीएमएफ का पैसा कहां खर्च हो रहा है और क्या इसका लाभ वास्तव में जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है या नहीं।
हालांकि, इन आरोपों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिला प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, कलेक्टर संजय कन्नौजे की चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
