Explore

Search

May 11, 2026 11:23 pm

RECENT POSTS

सरिया में 100 बिस्तर सिविल अस्पताल का भूमिपूजन, 18 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

Picture of Ramkumar Thuriya

Ramkumar Thuriya

सारंगढ़-बिलाईगढ़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर सरिया में रविवार को भव्य कार्यक्रम के बीच 100 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल का भूमिपूजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने संयुक्त रूप से 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अस्पताल की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत बाइक रैली, पुष्प वर्षा और रंगोली के साथ किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर गर्भवती माताओं को उपहार वितरित किए गए तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त दीपक महस्के (अध्यक्ष, सीजीएमएससी लिमिटेड), कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, एसपी आंजनेय वार्ष्णेय, नगर पंचायत सरिया अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। जांजगीर और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है, जिससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
क्षेत्रीय विकास को नई दिशा: वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सरिया क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सांकरा में 14 करोड़ रुपये की लागत से लिफ्ट इरिगेशन परियोजना स्वीकृत हो चुकी है तथा कई गांवों में सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है।नर्सिंग कॉलेज और चार नए उप स्वास्थ्य केंद्रों की घोषणा
उन्होंने जानकारी दी कि बार, साल्हेओना, गोबरसिंघा और सांकरा में नए उप स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति मिल चुकी है। साथ ही सरिया में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना भी की जाएगी, जिससे स्थानीय युवतियों को रोजगार और शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा 18 लाख प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं तथा महतारी वंदन योजना के तहत विवाहित महिलाओं को लाभ मिल रहा है। चंद्रपुर से सरिया तक सड़क निर्माण पूर्ण हो चुका है और क्षेत्र में बैंक एवं रजिस्ट्री कार्यालय की सुविधा भी शुरू की गई है।
हितग्राहियों को मिला लाभ
कार्यक्रम के दौरान पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तरीय टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले जिले के छात्र शिवम दुबे और हेमंत पटेल को सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री ने दोनों छात्रों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और वक्ताओं ने सरिया क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की सराहना की। 100 बिस्तर अस्पताल के निर्माण से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।

Letest posts