सारंगढ़-बिलाईगढ़: शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कनकबीरा एवं संकुल कनकबीरा में प्रधान पाठक श्री बाबूलाल पटेल के सम्मान में भावभीना विदाई एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। 31 मई 2026 को सेवा निवृत्त हुए श्री पटेल को विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्री बाबूलाल पटेल के लंबे शैक्षणिक योगदान, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासित कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने अपने सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी प्रेरणादायी कार्यशैली एवं मार्गदर्शन से अनेक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए।
श्री पटेल का जन्म 4 मई 1964 को ग्राम बोइरदादर में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नंदेली एवं उच्च शिक्षा रायगढ़ में प्राप्त की। 6 दिसंबर 1982 को शासकीय सेवा में नियुक्ति के बाद उन्होंने विभिन्न विद्यालयों में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2006 में उन्हें शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान सहकर्मियों एवं ग्रामीणों ने उनके सरल स्वभाव, नेतृत्व क्षमता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
अंत में विद्यालय परिवार द्वारा श्री बाबूलाल पटेल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके सुखद एवं दीर्घ जीवन की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
