सारंगढ़-बिलाईगढ़। अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी कनकबीरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 49 लीटर 540 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेये, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमीषा पाण्डेय एवं एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू के निर्देशन में, चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर के नेतृत्व में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,
प्रकरण क्रमांक 200/2026 में शेख रशीद एवं अनिल यादव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से देसी शराब (रोमियो प्लेन) की बड़ी मात्रा तथा एक स्कूटी (ओडी 15 एए 1895) जब्त की गई।
प्रकरण क्रमांक 201/2026 में लंबोदर लौतरे एवं ललित कुमार डनसेना को गिरफ्तार कर उनके पास से अंग्रेजी शराब (सीजी फाइन डीलक्स व्हिस्की) एवं मोटरसाइकिल (सीजी 06 जीटी 8871) बरामद की गई।
वहीं प्रकरण क्रमांक 202/2026 में नीरज कुमार अग्रवाल एवं चुमुक लाल पटेल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अंग्रेजी, देसी शराब एवं बीयर सहित बिना नंबर की मोटरसाइकिल (एचएफ डीलक्स) जब्त की गई।
तीनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हीराधार नाग, भीमसेन तथा आरक्षक जगजीवन खुटे, कुंज बिहारी निराला सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
