बरमकेला।सारंगढ़ क्षेत्र के बरमकेला से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। स्थानीय छात्रा गुंजन पटेल का चयन प्रतिष्ठित जवाहर नवोदय विद्यालय में होने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इस उपलब्धि ने न केवल गुंजन के परिवार को गर्वित किया है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
गुंजन पटेल ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के दम पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। बताया जा रहा है कि उन्होंने परीक्षा को मात्र एक घंटे में ही पूर्ण कर लिया था, जो उनकी तैयारी और आत्मविश्वास को दर्शाता है।
गुंजन, सिप अबेकस स्कूल, बरमकेला की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में भी खुशी की लहर है। सिप अबेकस केंद्र की प्रिंसिपल अनीता साहू एवं शिक्षिकाओं ने गुंजन को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गुंजन के माता-पिता, अनिल कुमार पटेल और दमयंती पटेल ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शुरू से ही उसकी पढ़ाई की मजबूत नींव रखी गई थी, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा है कि मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।