Explore

Search

May 11, 2026 10:42 pm

RECENT POSTS

सुशासन तिहार में प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा

Picture of Ramkumar Thuriya

Ramkumar Thuriya



सारंगढ़। प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने शुक्रवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में सुशासन तिहार अंतर्गत विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में एग्रीस्टेक के अंतर्गत किसान पंजीयन, पेट्रोल-डीजल, खाद एवं बीज की उपलब्धता, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल व्यवस्था, जिला खनिज न्यास मद के कार्य, पीएम उज्ज्वला योजना, पीएम सूर्य घर योजना, महतारी वंदन योजना, टीबी मुक्त पंचायत अभियान, बच्चों के टीकाकरण, पीएम किसान सम्मान निधि तथा जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विभागवार लक्ष्य, उपलब्धियां तथा लक्ष्य अनुरूप कार्य नहीं होने के कारणों की जानकारी प्रस्तुत की।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एग्रीस्टेक के तहत किसानों का पंजीयन तथा महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य निर्धारित समय सीमा से पहले पूर्ण किया जाए। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जिले की पेयजल स्थिति की जानकारी लेते हुए जल संकट वाले गांवों के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले के 360 गांवों में पेयजल उपलब्ध है, जबकि 6 गांवों में भूजल स्तर कम होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था के तहत टैंकर एवं अन्य स्रोतों से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक में कानून व्यवस्था, गांजा-अफीम, अवैध शराब बिक्री, भंडारण एवं तस्करी पर नियंत्रण को लेकर की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि गर्मी के मौसम में जलस्तर कम होना स्वाभाविक है और इसका स्थायी समाधान जल संरक्षण एवं पौधारोपण है। उन्होंने सभी विभागों को जल संरक्षण अभियान को जनआंदोलन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा है कि प्रत्येक गरीब परिवार तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुशासन तिहार के दौरान गांव-गांव पहुंचकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Letest posts