सरसीवां/सारंगढ़-बिलाईगढ़। थाना सरसीवां क्षेत्र के ग्राम पेंड्रा वन रोड निवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता सुनील शर्मा ने जिला भाजपा सारंगढ़ बिलाईगढ़ के पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष जालान पर उनके घर में घुसकर अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ को ज्ञापन सौंपकर अपनी एवं परिवार की सुरक्षा तथा आरोपियों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार ब्राह्मण समाज की आरक्षित भूमि को कथित रूप से अवैध तरीके से बेचे जाने के मामले में तहसीलदार के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की थी। आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर 11 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे कई लोग उनके निजी निवास पर पहुंचे और जबरन घर में प्रवेश किया।
सुनील शर्मा ने आरोप लगाया है कि सुभाष जालान के इशारे पर बद्री भारती, छम भारद्वाज, राखी भारद्वाज, प्रमोद निराला, मनोज खुंटे, सोनू बंजारे, विनोद भास्कर, विशाल बंजारे, राजू चौहान, विजय बंजारे, देवेश साहू सहित करीब 20 से 25 अज्ञात लोग घर में घुसे। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना का प्रार्थी के घर के पास अश्लील गाली गलौज करने वीडियो भी वायरल है जिसकी हम पुष्टि नहीं करते है।
घटना के समय सुनील शर्मा के बुजुर्ग माता-पिता भी घर में मौजूद थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
सुनील शर्मा का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपियों और कथित मुख्य सूत्रधार के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ सकते हैं तथा उनके परिवार के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की लागू धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने, नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
वहीं इस आरोप के संबंध में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुभाष जालान एवं थाना प्रभारी सरसिवा से पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नम्बर से सम्पर्क किया गया लेकिन बात नहीं हुई।

