बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में आज जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर स्थानांतरण के अवसर पर गरिमामयी एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राम गोपाल गर्ग के मुख्य आतिथ्य एवं सानिध्य में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने श्री वार्ष्णेय के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री वार्ष्णेय एक सफल, अनुशासित एवं सत्यनिष्ठ अधिकारी रहे हैं, जिन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्य संस्कृति की नई मिसाल स्थापित की है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों पर उनकी गहरी पकड़ तथा समाज सेवा के प्रति समर्पण युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
अनुकरणीय रहा सेवा कार्यकाल
श्री आंजनेय वार्ष्णेय ने 23 अप्रैल 2025 से 08 मई 2026 तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। इससे पूर्व वे धमतरी एवं कोंडागांव जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में भी पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे चुके हैं।
साइबर अपराधों की रोकथाम, सामुदायिक पुलिसिंग एवं जनसहभागिता आधारित पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी विशेष पहचान रही है। उनके कार्यकाल में पुलिस विभाग ने जनविश्वास अर्जित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
विदाई समारोह में अपने संबोधन के दौरान श्री आंजनेय वार्ष्णेय ने आईजी श्री गर्ग सहित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण के पश्चात भी यदि विभाग को उनकी आवश्यकता होगी तो वे सदैव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा सहित पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री वार्ष्णेय को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डीएसपी श्री विवेक शर्मा द्वारा किया गया।
