रायगढ़ ।प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज स्वर्गीय श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ में बहु-आयामी परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री तथा रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नवीन फिजियोथेरेपी महाविद्यालय भवन, 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) अस्पताल हेतु स्टाफ क्वार्टर तथा 10 बिस्तरीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र भवन के निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं के लिए क्रमशः 1393.71 लाख रुपये, 393.79 लाख रुपये एवं 280.57 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और वेलनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में शुरू की गई ये परियोजनाएं भविष्य में पूरे क्षेत्र के स्वास्थ्य तंत्र को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में फिजियोथेरेपी कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है, जिससे पैरामेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिला है। साथ ही योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल उपचार पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का संपूर्ण विज्ञान है, जिसे आने वाले समय में बड़े स्तर पर विकसित किया जाएगा।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से तेजी से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये नई परियोजनाएं जिले के भविष्य को नई दिशा देंगी और आने वाले वर्षों में रायगढ़ को स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी जिलों में शामिल करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं सिकल सेल कार्ड वितरित कर विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्री दीपक महस्के, सांसद श्री राधेश्याम राठिया, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य श्री राजेश डेनियल द्वारा किया गया।
