सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा थाना प्रभारियों के प्रभार में आंशिक फेरबदल किया गया है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित कोतवाली थाना का प्रभार अब प्रमोद कुमार यादव (उप निरीक्षक) को सौंपा गया है। वहीं, पूर्व थाना प्रभारी कामिल हक का स्थानांतरण बिलासपुर कर दिया गया है।
प्रमोद कुमार यादव इससे पूर्व सरिया थाना में पदस्थ थे, जहां उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान प्रभावी और सख्त पुलिसिंग का परिचय दिया। विशेषकर अवैध शराब, जरायमपेशा गतिविधियों एवं पड़ोसी राज्य ओडिशा से होने वाली गांजा तस्करी के खिलाफ उनकी लगातार कार्रवाई ने उन्हें जिले में एक अलग पहचान दिलाई है।
उनकी इसी सक्रिय और परिणामोन्मुख कार्यशैली को देखते हुए अंजनेय वैष्णव (पुलिस अधीक्षक) द्वारा उन्हें सारंगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिले में बनाई अलग पहचान
सरिया थाना क्षेत्र में उनके कार्यकाल को एक सफल और प्रभावशाली कार्यकाल के रूप में देखा जाता है। अपराध नियंत्रण, तस्करी पर रोक और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। यही कारण है कि जिला मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्र की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र में बढ़ेंगी सख्ती
सारंगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में अब उनकी नियुक्ति से अपराधियों पर सख्ती और कानून व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और आमजन को सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
“आमजन के लिए सहानुभूति, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई”
प्रभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने स्पष्ट कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और उनके प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना है। साथ ही उन्होंने दो टूक कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और जल्द ही कोतवाली क्षेत्र में सख्त कार्रवाई देखने को मिलेगी।
प्रमोद कुमार यादव की नियुक्ति से सारंगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आमजन में विश्वास बढ़ने की उम्मीद है।
