Explore

Search

June 30, 2026 4:02 am

RECENT POSTS

डोलोमाइट खदान में अवैध उत्खनन पर बवाल, पंचायत प्रतिनिधियों ने खोला मोर्चा

Picture of Ramkumar Thuriya

Ramkumar Thuriya

बरमकेला।सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया तहसील अंतर्गत ग्राम कटंगपाली में डोलोमाइट खदान पर अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्रशर संचालकों द्वारा नियमों को दरकिनार कर बिना रॉयल्टी के खनन और परिवहन किया जा रहा था।
गुरुवार को ग्राम पंचायत की सामान्य बैठक के बाद सरपंच पुष्पा मिरी के नेतृत्व में पंच-प्रतिनिधि खदान स्थल पहुंचे। यहां पोकलेन मशीनों से खनन कर हाईवा वाहनों में सामग्री परिवहन किया जा रहा था, लेकिन मौके पर रॉयल्टी से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर पंचायत पदाधिकारियों ने विरोध जताते हुए जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान 4 पोकलेन मशीन और 2 हाईवा वाहन पाए गए, जो बिना रॉयल्टी पर्ची के संचालित हो रहे थे। इस पर विभाग द्वारा पंचनामा कार्रवाई की गई, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
कार्रवाई के दौरान सरपंच ने क्षेत्र में धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी छिड़काव नहीं होने की शिकायत भी उठाई, जिस पर अधिकारियों ने तत्काल निर्देश जारी किए।
इस पूरे घटनाक्रम में महिला जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। महिला पंच कविता सिदार अपने छोटे बच्चे के साथ मौके पर डटी रहीं, वहीं अन्य ग्रामीण और पंच भी कार्रवाई की मांग को लेकर अडिग रहे।
खनिज विभाग के निरीक्षक दीपक पटेल ने बताया कि मामले में पंचनामा तैयार कर उच्च अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने अवैध उत्खनन के बड़े दायरे को देखते हुए अधिकारियों और खनन माफिया के बीच संभावित सांठगांठ पर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही यह भी प्रश्न खड़ा किया जा रहा है कि कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हुई।

Letest posts