सारंगढ़-बिलाईगढ़।जन स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान ‘सही दवा, शुद्ध आहार—यही है छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम के तहत शुक्रवार एवं शनिवार को संचालित किया गया।
जांच दल में पुलिस एवं राजस्व विभाग के सहयोग से अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल शामिल रहे। टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 50 से अधिक ठेले, गुमटी, होटल, गन्ना जूस सेंटर, किराना दुकानों एवं साप्ताहिक बाजार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अखबारी कागज में खाद्य सामग्री परोसने तथा अखाद्य रंगों के उपयोग पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, खाद्य रंगों का निर्धारित एवं सुरक्षित मात्रा में उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जांच के दौरान कई दुकानों में खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों को तत्काल लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। जिन कारोबारियों के पास खाद्य पंजीयन नहीं था, उन्हें शीघ्र पंजीयन कराने के लिए निर्देशित किया गया।
अभियान के दौरान आम नागरिकों को भी खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और अपील की गई कि वे खाद्य पदार्थों का उपयोग करने से पूर्व उसकी गुणवत्ता की जांच अवश्य करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर विभाग को सूचित करने के लिए कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन स्वास्थ्य के हित में इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
RECENT POSTS