सारंगढ़-बिलाईगढ़। पंचायत राज दिवस के अवसर पर सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम नवरंगपुर एवं माधोपाली में आयोजित ग्राम सभाओं में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जनगणना एवं जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।
उन्होंने “मोर गांव मोर पानी, मोर संगवारी महाभियान” के अंतर्गत “एक सोख्ता गड्ढा एक संतान के नाम” अभियान को बढ़ावा देते हुए मनरेगा के माध्यम से डबरी निर्माण एवं वर्षा जल के सुव्यवस्थित संग्रहण के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, एसडीएम वर्षा बंसल तथा तहसीलदार एन.के. सिन्हा भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रगणकों का प्रशिक्षण अंतिम चरण में है और 1 मई से 30 मई तक घर-घर जाकर जनगणना कार्य किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों में उपस्थित रहकर सही एवं वास्तविक जानकारी दें। यह जानकारी पूर्णतः गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के निर्माण हेतु किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से “स्वगणना” फॉर्म भर सकते हैं और प्राप्त जनरेट नंबर को प्रगणक को उपलब्ध करा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को मोबाइल के माध्यम से स्वगणना फॉर्म भरने में सहयोग भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. कन्नौजे एवं जिला पंचायत सीईओ ने “जादुई बॉक्स” के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि सोख्ता गड्ढों के माध्यम से वर्षा जल को संरक्षित कर जल संकट से बचा जा सकता है।
अंत में कलेक्टर ने ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई तथा स्वयं सोख्ता गड्ढा निर्माण में श्रमदान कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
