Explore

Search

June 30, 2026 2:24 am

RECENT POSTS

आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र दबगांव का NQAS मूल्यांकन संपन्न

Picture of Ramkumar Thuriya

Ramkumar Thuriya

सारंगढ़, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने की दिशा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र दबगांव का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत मूल्यांकन संपन्न हुआ। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नामित राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ताओं ने 13 जून 2026 को केंद्र का निरीक्षण कर विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र वैष्णव के नेतृत्व तथा डॉ. आर.एल. सिदार (बीएमओ, सारंगढ़) के मार्गदर्शन में पिछले कई महीनों से स्वास्थ्य संस्थानों को NQAS मानकों के अनुरूप विकसित करने एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने का कार्य किया जा रहा था। इसी क्रम में दबगांव उप स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक उन्नयन कार्य पूर्ण होने के बाद मूल्यांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन किया गया था।
राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ता श्री सोमनाथ चट्टोपाध्याय एवं श्री येरुवा पेपेरेड्डी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध 12 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट (BMW), फायर सेफ्टी, स्टोर रूम, जननी सुरक्षा योजना, पेयजल व्यवस्था, प्रयोगशाला में संचालित विभिन्न जांच एवं परीक्षणों सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों जैसे टीबी, कुष्ठ, नेत्र, मलेरिया, फाइलेरिया, गैर संचारी रोग (NCD), दंत एवं ईएनटी सेवाओं से संबंधित अभिलेखों और व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया।
मूल्यांकन टीम द्वारा निरीक्षण के आधार पर तैयार गोपनीय प्रतिवेदन भारत सरकार को प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके आधार पर केंद्र की गुणवत्ता संबंधी रैंकिंग एवं प्रमाणन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस पूरी प्रक्रिया में जिला नोडल अधिकारी श्री कृष्ण पुरी गोस्वामी, ब्लॉक नोडल अधिकारी श्री अरुण कुमार नायक एवं श्री सी.के. पटेल, बीपीएम श्री नंदलाल ईजारदार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री दीपक धारा, डैम श्री मनोज साहू, डीटीसी श्रीमती ममता बंजारे, आरएमएनसीएचए कंसल्टेंट डॉ. वीरेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उप स्वास्थ्य केंद्र दबगांव के स्टाफ श्रीमती तारिणी साहू, श्रीमती लता वैष्णव, श्री रोशन प्रसाद सिदार, सेक्टर सुपरवाइजर श्री जी.के. केशरवानी, जेएसए श्री हरीराम बरिहा, सीएचओ श्रीमती मनीषा सिदार, श्रीमती लीना साहू, श्रीमती नीमा निर्मलकर, श्रीमती चित्रलेखा साहू, आरएचओ श्री मोतीराम सिदार, श्री ललित पटेल, श्री गिरजा निराला, श्री विकास चौहान, श्रीमती भगवती वारे, श्रीमती वेरनादत्त टोप्पो एवं श्रीमती ऋतु मनहर का विशेष योगदान रहा।
मूल्यांकन के दौरान ग्राम पंचायत दबगांव के सरपंच श्री रवि बरिहा, जनप्रतिनिधि श्री मनबोध पटेल, क्षेत्र की समस्त मितानिनों, एमटी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि दबगांव उप स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा और क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में नई पहचान स्थापित करेगा।

Letest posts